मालवांचल मित्र, नीमच: जनजाति बाहुल्य ग्राम टामोटी में आयोजित रात्रि चौपाल के बाद कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने प्रशासन को गांव की चौखट तक पहुंचाने की पहल को जमीन पर उतारते हुए गांव में ही रात्रि विश्राम किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया और आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
अधिकारियों ने भी छात्रावास में गुजारी रात
कलेक्टर के साथ जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, डीएफओ श्री एस.के. ऑटोदे सहित अन्य जिला अधिकारी भी टामोटी में रुके। सभी अधिकारियों ने ग्राम के छात्रावास भवन में रात्रि प्रवास किया। प्रशासन की इस पहल को ग्रामीणों ने सराहा और इसे विश्वास बढ़ाने वाला कदम बताया।
सुबह करेंगे जल संरक्षण कार्यों का निरीक्षण
बुधवार अल-सुबह कलेक्टर एवं अधिकारियों का दल ग्राम टामोटी और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों का निरीक्षण करेगा। वे मौके पर पहुंचकर कार्यों की गुणवत्ता परखेंगे, ग्रामीणों से संवाद करेंगे और ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत हो रहे कार्यों की समीक्षा करेंगे।
“प्रशासन गांव की चौखट पर”
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रशासन सीधे गांव तक पहुंचे, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
— मालवांचल क्षेत्र में प्रशासन की यह पहल ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद और विकास कार्यों की मॉनिटरिंग को नई दिशा दे रही है।