मालवांचल मित्र, नीमच: शहर में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुद्वारा चौराहा स्थित रतन स्वीट्स पर संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान दुकान और किचन में भारी गंदगी, एक्सपायरी खाद्य सामग्री और अमानक खाद्य पदार्थ मिलने पर प्रशासन ने प्रतिष्ठान को तत्काल सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान दुकान में काम कर रहे नाबालिग बच्चों को भी मुक्त कराया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से शहर के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। अभियान में राजस्व विभाग, नगरपालिका, खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि कई खाद्य पदार्थ एक्सपायरी थे, जबकि कुछ सामान पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि तक अंकित नहीं थी। किचन क्षेत्र की स्थिति बेहद खराब मिली और जगह-जगह गंदगी फैली हुई थी। मौके पर ही खराब एवं अखाद्य सामग्री को जब्त कर नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
एसडीएम संजीव साहू ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जिलेभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रतन स्वीट्स पर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खाद्य विभाग ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित नियमों के तहत आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जांच में यह भी सामने आया कि प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था, जिस पर संबंधित विभाग द्वारा अलग से कार्रवाई की गई।
नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया ने बताया कि होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। रतन स्वीट्स का निर्माण क्षेत्र और किचन अत्यंत गंदगीयुक्त पाए गए, जिसके चलते संयुक्त टीम ने दुकान को सील करने का निर्णय लिया।
प्रशासन ने साफ कहा है कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं संदिग्ध या खराब खाद्य सामग्री दिखाई दे तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें।