रतनगढ़। दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार मुंदडा ने बताया कि प्रतिवर्षणानुसार इस वर्ष भी नगर परिषद रतनगढ़ द्वारा दो दिवसीय दशहरा पर्व भव्यता के साथ मनाया जा रहा है यह महोत्सव क्षेत्र के *लोकप्रिय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री माननीय ओम प्रकाश सकलेचा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया जा रहा है।
श्री मुंदड़ा ने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 20 अक्टूबर को विजयदशमी के पावन पर्व पर, दोपहर 3:00 बजे से भगवान श्री राम जी के बैवाण के साथ चल समारोह भगवान श्री राधा कृष्ण मंदिर से प्रारंभ होगा। इस अवसर पर पवन व्यायाम शाला रतनगढ़ द्वारा हजरतगंज अखाड़े की प्रस्तुति की जाएगी।
शाम 6:00 बजे दशहरा मैदान पर स्वर्गीय धनराज जोशी ग्रुप द्वारा शानदार भजनों की प्रस्तुति होगी। 31 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन बूंदी की शानदार आतिशबाजी के साथ किया जाएगा। 21 अक्टूबर को झालावाड़ की प्रसिद्ध गायिका अलका शर्मा एवं शंकर जी लक्खा द्वारा भजनों की प्रस्तुति होगी, जो इस महोत्सव को और भी भव्य बनाएगी।
नगर परिषद द्वारा आयोजित भव्य दशहरा उत्सव में नगरवासियों की सहभागिता की अपील
दशहरा का पर्व, जो असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है, इस वर्ष नगर परिषद द्वारा भव्यता से मनाया जाएगा।
नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुगना बाई कचरू लाल गुर्जर ने सभी नगरवासियों से अपील की है कि वे इस दो दिवसीय उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पधारें और इस आयोजन को सफल बनाएं। नगर परिषद द्वारा इस विशेष अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झांकियों का आयोजन किया जा रहा है, जो दर्शकों को रावण दहन की पारंपरिक कथा के साथ मनोरंजन और ज्ञान प्रदान करेंगे।
यह उत्सव ना केवल हमारे सांस्कृतिक मूल्यों का उत्सव है, बल्कि समाज में एकता और भाईचारे का भी प्रतीक है। सभी नगरवासियों से अनुरोध है कि वे इस आयोजन में भाग लेकर इसे भव्यता प्रदान करें और सत्य की इस विजय को एक साथ मिलकर मनाएं।